खुरई के विकास की तरह अगले चुनाव में जीत का इतिहास बनाएंगेः मंत्री भूपेन्द्र सिंह


बूथ विस्तारक अभियान-2 की कार्यशाला संपन्न
     खुरई। खुरई विधानसभा क्षेत्र में हमने अब तक विकास का इतिहास बनाया है अब हम आगामी चुनाव में विजय का इतिहास बनाएंगे। आश्चर्य नहीं कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश में भाजपा को 200 प्लस सीटों के साथ जनता का आशीर्वाद मिले। यह उद्गार नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने यहां खुरई नगर व ग्रामीण मंडल के बूथ विस्तारक अभियान -2 के लिए आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच व्यक्त किए। 
     मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि खुरई विधानसभा क्षेत्र के 80 से 90 प्रतिशत मतदाता केंद्र व राज्य की भाजपा सरकारों की योजनाओं के लाभार्थी हैं। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि लाडली लक्ष्मी योजना गेम चेंजर योजना है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया कि 25 मार्च से 30 अप्रैल तक लाडली बहिना योजना के फार्म भरे जाने में खासतौर पर ग्रामीण बूथों पर पहुंच कर सभी बहनों के फार्म भरवाएं। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि इस कार्य को सभी सेवा भाव से करें। घर घर पहुंच कर फार्म भरवाने के साथ भाजपा सरकार की सभी योजनाओं के बारे में मतदाताओं से चर्चा करें। 
     मंत्री श्री सिंह ने कहा कि हम भाजपा के कार्यकर्ता हैं। यह विचारधारा और कार्यकर्ताओं पर आधारित विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। भाजपा का मंत्र है बूथ जीता तो चुनाव जीता। भाजपा में चुनाव कार्यकर्ता ही लड़ते और जीतते हैं। इस बार हम हर बूथ 51 प्रतिशत मतों के साथ जीतेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास न संगठन बचा, न नीति बची, न नेता बचा और न ही उनका कोई उद्देश्य दिखाई देता है। मंत्री श्री सिंह ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि जो अभी तक पार्टी से दूर थे उन मतदाताओं का मन जीतें, सभी समाजों के पास जाएं और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की नीतियों, कार्यक्रमों को बता कर सबका साथ सबका विकास का संदेश पहुंचाएं। मंत्री श्री सिंह ने आगामी बूथ विस्तारक अभियान-2 के तहत 14 मार्च से 21 मार्च तक चलाए जा रहे बूथ सशक्तिकरण अभियान को पूरे मनोयोग और समर्पण के साथ संपादित करने का मार्गदर्शन दिया।
     कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष गौरव सिरोठिया ने अपने उद्बोधन में कार्यकर्ताओं को बूथ और पन्ना प्रमुख स्तर तक की सांगठनिक रचना, सभी सदस्यों प्रमुखों के  कार्य व दायित्वों से सूक्ष्मता से अवगत कराया। खुरई मंडल के प्रभारी सागर के महापौर प्रतिनिधि डा सुशील तिवारी ने अपने संबोधन में नगरीय बूथों की परिस्थितियों को  व्यवहारिक अनुभव के आधार पर व्याख्यित काम। खुरई ग्रामीण मंडल प्रभारी नवीन भट्ट ने मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह के मार्गदर्शन के अनुरूप कार्य संपादित करने की अपील कार्यकर्ताओं से की। 
     कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता हेमचंद बजाज, नगर मंडल अध्यक्ष प्रवीण जैन, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष हरिशंकर कुशवाहा, जिला भाजपा कार्यालय सोशल मीडिया प्रभारी अंशुल परिहार, आई टी प्रमुख बाल किशन सोनी, राहुल कुशवाहा व कार्यशाला में समस्त बूथ समितियों के आमंत्रित सदस्य, प्रभारी, सहप्रभारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *