रजिस्टर्ड ट्रक-ट्रांसपोर्टर्स को 200 रूपए वर्गफीट मूल्य पर ट्रांसपोर्ट नगर में भूखंड उपलब्ध होंगेः मंत्री भूपेंद्र सिंह

ट्रांसपोर्ट नगर में शिफ्ट होना शहर और ट्रांसपोर्टर्स दोनों के हित मेंः मंत्री श्री सिंह

सागर। सागर संभाग का पहला सर्वसुविधायुक्त ट्रांसपोर्ट नगर सागर शहर के निकट अमावनी में बन कर तैयार है। सभी ट्रांसपोर्ट कंपनियां शहर से बाहर हों, यह हमारे शहर की जनता और आप ट्रांसपोर्टर्स के भी हित में है। नगरीय विकास एवं आवास विभाग मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में ट्रांसपोर्ट नगर एवं मैकेनिक कॉम्प्लेक्स परियोजना कार्यों की समीक्षा बैठक में यह बात कही। मंत्री भूपेंद्र सिंह ने बैठक में सभी रजिस्टर्ड ट्रांसपोर्टरों को उनकी सहमति से अमावनी स्थित ट्रांसपोर्ट नगर एवं मैकेनिकल कांप्लेक्स में 200 रु वर्ग फुट मूल्य पर भूखंड उपलब्ध कराए जाने का निर्देश दिया है। इस मूल्य पर भूखंड लेने के लिए सभी ट्रांसपोर्टरों को 30 अप्रैल तक अनिवार्य रूप से अपने रजिस्ट्रेशन कराना होंगे।

मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने बैठक में अपने विचार रखते हुए कहा कि सागर में ट्रांसपोर्ट नगर नहीं होने से अनेक प्रकार की असुविधाओं का सामना नागरिक, प्रशासन व ट्रांसपोर्टरों को है। अमावनी में विकसित किया गया ट्रांसपोर्ट नगर सबसे उपयुक्त और कीमती भूमि पर निर्मित किया गया है। विकसित भूमि का लागत मूल्य बहुत अधिक होने के बावजूद जनहित को देखते हुए सभी की सहमति से 200 रु प्रति वर्ग फुट रखा जा रहा है। ट्रांसपोर्टर अपने व्यवसाय की आवश्यकतानुसार आकार  के भूखंड ले सकेंगे। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर एक अनिवार्य आवश्यकता है। सभी को अपने नगर के जनसामान्य की सुरक्षा व अपने व्यवसायों की वृद्धि को देखते हुए व्यवसाय स्थल स्थानांतरित करना चाहिए। यह ऐसा अवसर है कि जब सभी सुविधाएं विकसित होकर आसानी से न्यूनतम मूल्यों पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। सभी ट्रांसपोर्टरों को आगे आकर इस अवसर का लाभ उठाना चाहिए। 30 अप्रैल तक रजिस्ट्रेशन नहीं कराने वाले ट्रांसपोर्टरों के लिए लिखित मूल्य पर ही भूखंड लेना होगा।

कलेक्टर सागर श्री दीपक आर्य ने अमावनी में विकसित किए गए ट्रांसपोर्ट नगर एवं मैकेनिकल कांप्लेक्स का स्लाइड प्रजेंटेशन बैठक में रखा। उन्होंने बताया कि इसका निर्माण कार्य लगभग पूर्णता की ओर है। 28 एकड़ भूमि में बने इस नगर में 25 मीटर चौड़ी, 1300 मीटर लंबी सड़क बनाई गई है। इसमें 250 वर्गमीटर, 150वर्गमीटर, 300 वर्गमीटर और 300-600 वर्गमीटर साइज 124 कमर्शियल भूखंड हैं। यहां 250 बड़े वाहनों की पार्किंग व्यवस्था होगी। सुलभ शौचालय व पानी की टंकी बनाई जा रही है। सुरक्षा की दृष्टि  से सब ओर बाउंड्रीवॉल का निर्माण एवं मानक अनुसार सड़क में बीच डिवाइडर का निर्माण किया गया है। जिस पर सुंदर प्लांटेशन किया जायेगा। पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था हेतु डिवाईडर में निश्चित दूरी पर पोल लगाकर अंडरग्राउंड केवलिंग कर स्ट्रीट लाईट्स लगाई जा रहीं हैं। इसके साथ ही अन्य सुविधाओं जैसे पेयजल की सुविधा, टॉयलेट्स की सुविधा आदि का भी प्रावधान किया गया है। 19.2 वर्ग मीटर के 51 प्लाट सर्विस सेंटर व मेकेनिकल कांप्लेक्स के लिए रखे गए हैं। ड्रेनेज व सड़क का काम पूर्णता पर है। वाहन टर्न होकर सुविधाजनक ढंग से निकल सकते हैं। कलेक्टर श्री आर्य ने बताया कि भूमि व डेव्हलपमेंट की कास्ट जोड़कर 1864 रु प्रति वर्ग फुट लागत मूल्य आया है।

ट्रांसपोर्टर महासंघ की ओर से नीरज जैन ने मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह के निर्णय का करतल ध्वनि से स्वागत करते हुए कहा कि सागर को पहला ट्रांसपोर्ट नगर उपलब्ध कराने के लिए सभी मंत्री श्री सिंह का हार्दिक अभिनन्दन करते हैं।
बैठक के दौरान कलेक्टर श्री दीपक आर्य, पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक तिवारी, निगमायुक्त सह कार्यकारी निदेशक सागर स्मार्ट सिटी लिमिटेड श्री चंद्र शेखर शुक्ला, महापौर श्रीमति संगीता सुशील तिवारी, महापौर प्रतिनिधि श्री सुशील तिवारी एवं ट्रक-ट्रांसपोर्टर्स यूनियन के प्रतिनिधि व अन्य उपस्थित रहे। मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने समीक्षा पश्चात ट्रक – ट्रांसपोर्टर्स  यूनियन के प्रतिनिधियों के द्वारा मांग किए जाने पर ट्रांसपोर्ट नगर एवं मैकेनिक कॉम्प्लेक्स में रजिस्टर्ड ट्रांसपोर्टर्स  कंपनियों हेतु 200 रूपये प्रति वर्गफीट के हिसाब से प्लॉट उपलब्ध कराने का निर्णय दिया व ट्रांसपोर्टर्स  को 30 अप्रेल तक  जमा कर अपने प्लाट बुक करने का निर्देश दिया।  इस अवधि के बाद प्लाट को बुक करने पर पूर्व निर्धारित राशि  के हिसाब से ही प्लाट दिये जाएंगे। उल्लेखनीय है की सागर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा शहर में नागरिकों की उच्च जीवन गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न परियोजनाओं पर प्रमुखता से कार्य किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *